मंगलवार, 2 दिसंबर 2025

"वो..... और तुम"

वो अड़ोस-पड़ोस आंगन
वो सलोटों का घर
वो हरे खेत खलिहान दरिया
वो तेरा होना मरहम

वो मचान मकई बरसातें
वो मुस्कान तेरी बातें
वो लटों का पानी सावन
वो गठरी घास राह में तेरे कदम

वो सर्दी दुपहरी
वो खुली तेरी जुल्फें
वो दरिया की हवा ठंडी
वो इंतज़ार करना तेरा**


                                                   अजनबी 

रविवार, 16 नवंबर 2025

"वक्त मुकर्रर है "


💔  “वक़्त मुक़र्रर है”


ठहर जा मेरे साथ ही,
ढलती शाम तक,
पाबंद है बड़ा,
वक़्त अपने वक़्त का।
जो  वक़्त आ गया,
तो कौन तेरे लिए बेकरार होगा।
             
         🌿🌸 🌿

थोड़ी देर ही सही,
अपनी सूरत 
मेरी आँखों के पास तो रख,
बंद हो जाएँगी ये आँखें,
तो फिर कहाँ दीदार होगा।
            
          🌿🌸🌿

एक वो है,
जो पास आती जा रही है,
और एक तू है,
जो दूर चली जाती है।
तेरे आने से पहले वो आ गई तो,
फिर कहाँ हमसे तेरा इंतज़ार होगा।
            
          🌿🌸🌿

चलो मैं ही ग़लत सही,
जो ऊँचे आसमाँ को चाहने लगा,
पर देखो, वक़्त भी मुक़र्रर है,
आएगा तो लेकर ही जाएगा,
फिर कहाँ इस जन्म में तुमसे प्यार होगा। 
           
           🌿🌸🌿
                                               
                                                अजनबी 


शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025

"वाह रे करवा"

तन-मन की साधना से पहले,
धो दिए सब उसने,
मेरे भावों के छींटे —
जो उसकी रूह पर लगे थे।

अब वह निश्चल है,
जैसे आरती का ठहरा जल,
निर्मल है —
जैसे गंगा में विलीन हो गया हो सब कुछ।

अब उसकी स्मृति-पटल पर
नहीं कोई मेरा ख्याल,
बुद्धमयी शांति ठहरी है वहाँ —
जहाँ मेरे भाव विचरते थे।

वाह रे करवा,
विरही को त्याग,
शांत बुद्ध में विलीन हो गया रे तू।

अब प्रेम नहीं,
समाधि बन गया —
मन झर गया,
बस शून्य रह गया रे मैं।

                                    
                                             अजनबी 

---

रविवार, 5 अक्टूबर 2025

कितना खूबसूरत चांद

कौन से आसमां से उतर आया,
या मेरी चाहत से खिंचा आया।

धुंधले उजाले में टकटकी लगाए,
देखता मुझे, मैं उसे...
चुप्पियों में गुफ़्तगू सा साया।

देखो तो कितना ख़ूबसूरत चांद
अटका है मेरी दीवार पर,
झूम उठता है यह दिल
उसमें देख तेरी छाया। 

                                         अजनबी 

सोमवार, 1 सितंबर 2025

हे गिरधर.....

हे गिरधर...
उठा ले फिर गोवर्धन,
दे हम सबको सहारा।

पर्वत बन गए गारा,
धँस रही गीली धरा,
क्या करे हिमालय बेचारा।
हे गिरधर...
उठा ले फिर गोवर्धन,
दे हम सबको सहारा।


दुनिया डोले संकट भारी,
नदियाँ उफनें, डूबी धरती सारी,
मेघों ने फैलाया अंधियारा।
हे गिरधर...
उठा ले फिर गोवर्धन,
दे हम सबको सहारा।

भटके मन को राह दिखा दे,
डूबती नैया पार लगा दे,
तेरा ही है नाम सहारा।
हे गिरधर...
उठा ले फिर गोवर्धन,
दे हम सबको सहारा। 


                                          अजनबी 



शुक्रवार, 29 अगस्त 2025

"सहूलियत"

कुछ तो सहूलियत
दी है सरकार ने,
चौबीसों घंटे
मिलते हैं दरबार में।

एक हल्का-सा स्पर्श,
और रूबरू हो जाते हैं,
शुक्र है, ब्रह्म मुहूर्त में
हम उन्हें देख पाते हैं। 

                     अजनबी 

रविवार, 17 अगस्त 2025

तुझे ही देखता हूं

कल से कुछ नहीं देखता हूं, सिर्फ़ तुझे देखता हूं
तेरी आँख में जैसे अपना जहाँ देखता हूं


तेरी ख़ामुशी दिल में गूँज उठे सदा बनकर
उस सदा में मैं कोई कारवाँ देखता हूं


चाँदनी में तेरा ही चेहरा झलक उठे अक्सर
रात की गोद में तेरा आसमां देखता हूं


तेरी सूरत के साए हर मोड़ पे मिल ही जाते
उन सायों में तेरा इक निशां देखता हूं


लोग कहते हैं अजनबी इश्क़ में हुआ है अंधा
हाँ मैं अंधा बस तुझे ही देखता हूं 


                                              अजनबी